पहली खबर अलीगढ़, दूसरी दिल्ली के लिए उपयोगी
दनकौर रेलवे लाइन पर मिला युवक का शव
बिलासपुर। दनकौर रेलवे स्टेशन और अजायबपुर के बीच पोल नंबर 1406-34 के पास डाउन रेलवे पटरियों पर 24 वर्षीय युवक का शव पाया गया है। शव के पास एक पिट्ठू बैग मिला है। इसमें आशु कुमार पुत्र हीरा लाल, माता का नाम सावित्री देवी, ग्राम पोस्ट बडे़सरा तहसील अतरौली अलीगढ़ की शैक्षिक स्थानांतरण टीसी मिली है। चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह ने कंट्रोल रूम अलीगढ़ में उसका पता तस्दीक करने के लिए सुचना दी है। युवक के कुलेसरा गौतमबुद्ध नगर निवासी जीजाओं साहब सिंह व श्याम बाबू ने आशु की पहचान की है। हादसे की वजह पता नहीं चली है।
दहेज उत्पीड़न में 6 के खिलाफ रिपोर्ट
जेवर। कस्बा जहांगीरपुर की एक महिला ने अतिरिक्त दहेज में दो लाख और कार की मांग को लेकर पति समेत छह ससुरालियों पर उत्पीड़न करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कस्बा जहांगीरपुर के मोहल्ला सुनारान निवासी शिवानी पुत्री मुकेश ने रिपोर्ट में कहा कि उसकी शादी 16 जनवरी 2016 को नरेला दिल्ली निवासी अरविंद से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल के लोग अतिरिक्त दहेज में दो लाख व एक ऑल्टो कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। शिवानी का आरोप है कि 27 जून 2017 को आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और जबरन कार में डालकर मायके छोड़ गए। तब से महिला मायके में ही रह रही है। आरोप है कि तीन अक्तूबर की रात करीब 8:30 बजे महिला का पति, जेठ व ससुर मायके पहुंचे और अतिरिक्त दहेज की मांग पूरा करने का दबाव बनाकर मारपीट की। उसे बचाने आई मां को भी आरोपियों ने पीटा। महिला ने शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। महिला ने पति अरविंद, ससुर बालकिशन, जेठ ललित व मनोज, जेठानी रेखा पत्नी ललित व ममता पत्नी मनोज को नामजद किया है।