युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर दी जान
- नहीं मिला सुसाइड नोट, परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई
- पुलिस ने मृतक का फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अलीपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस युवक के परिवार वालों से पूछताछ और फोन को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मरने वाले की शिनाख्त मंजीत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मंजीत परिवार के साथ बख्तावरपुर फतेह कॉलोनी में रहता था। वह पहले डीजे का काम करता था। फिलहाल बेरोजगार था। मंगलवार सुबह कॉलोनी के लोगों ने मंजीत को पेड़ से फंदे पर लटके हुए देखा और उसके परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि मंजीत का कुछ दिन पहले किसी से झगड़ा हुआ था। आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। इस बारे में पूछताछ करने पर मंजीत सिर्फ इतना कहता था कि आरोपी पूरे परिवार को नुकसान पहुंचा सकता है। आरोपियों के फोन आने पर वह काफी डर जाता था। उसकी पिटाई करने वाले कौन हैं, इसके बारे में मंजीत ने कभी नहीं बताया। पुलिस ने मंजीत के फोन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।