नोट : फर्रूखाबाद व मैनपुरी, यूपी के लिए उपयोगी।
वाहन चोरी का शतक लगाने वाले दो बदमाश धरे
यूपी से बस में आकर करते थे वारदात, चोरी की नौ मोटरसाइकिल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आरकेपुरम थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन के समय ग्रुप में यूपी से बस से आते थे और रात में मोटरसाइकिल चुराकर वापस अपने गांव ले जाते थे। गिरोह के बदमाश मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का शतक लगा चुके हैं। इनके कब्जे से चोरी की नौ मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से वाहन चोरी के नौ मामलों को सुलझाने का दावा किया है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी देवेंद्र आर्या के अनुसार 1 दिसंबर को आरकेपुरम थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक चुराकर ले जा रहे दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान मैनपुरी, यूपी निवासी निलेश (28) और जिला फर्रूखाबाद, यूपी निवासी मनोज (32) के रूप में हुई। मनोज के पास से बटनदार चाकू और निलेश के पास बाइक चुराने के लिए काम आने वाला टी टाइप का औजार बरामद किया गया। आरोपियों ने बताया कि वह कुछ ही मिनटों में बाइक को चुरा लेते थे। ये दिन में बस से यूपी से आते थे और रात में बाइक को चुरा ले जाते थे। जब चोरी की बाइक यूपी में बिक जाती थी तो ये फिर दिल्ली बाइक चुराने आ जाते थे। बाइक को चुराकर ये सीधे अपने गांव ले जाते थे। एसआई हरवीर सिंह की टीम इनके और साथियों को पकडने के लिए दबिश दे रही है।