दौड़ा-दौड़ाकर युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला
मंगोलपुर में दो गुटों में झगड़े के दौरान 6 बार वार कर किया घायल, हालत नाजुक
पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से दो युवकों को दबोचा, फरार आरोपियों की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मंगोलपुुरी इलाके में दो गुटों के बीच हुए झगड़े में बदमाशों ने एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से आधा दर्जन वार कर दिये। बुरी तरह से जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल युवक की पहचान राजीव के रूप में हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से हमला करने वाले युवक और उसके नाबालिग दोस्त को पकड़ लिया है। पुलिस हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार राजीव परिवार के साथ मंगोलपुरी में रहता है और निजी कंपनी में नौकरी करता है। सोमवार रात आठ बजे पुलिस को जी ब्लॉक मंगोलपुरी में राजीव को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे जख्मी हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच में पता चला कि दो गुटों के बीच झगड़ा के दौरान राजीव पर हमला किया गया है। एक गुट राहुल का है, जबकि दूसरा ललित का है। तीन दिन पहले ललित, भोला और नाबालिग ने राहुल की पिटाई कर दी थी। इसका बदला लेने के लिए सोमवार रात राहुल, राजीव अपने अन्य दोस्तों को लेकर जी ब्लॉक मंगोलपुरी गया था। युवकों के आने की जानकारी मिलने पर लोगों ने उन्हें घेर लिया। राहुल व उसके अन्य दोस्त वहां से फरार हो गए। जबकि राजीव इनके हत्थे चढ़ गया। हालांकि, वह भी जान बचाकर भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से वारदात में शामिल ललित व नाबालिग को पकड़ लिया। जबकि उसके अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।