दरवाजे पर ऑटो खड़ा करने से रोका तो पीटकर किया अधमरा
- स्वरूप नगर इलाके में पिता-पुत्र को लाठी-डंडे से पीटा
- पड़ोसी युवक ने भाइयों के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वरूप नगर इलाके में दरवाजे के बाहर लगी गाड़ियों को हटाने के लिए कहने पर गुस्साए पड़ोसी ने भाइयों के साथ मिलकर पिता-पुत्र को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल मेें भर्ती कराया। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुमित कुमार (32) सपरिवार इब्राहिमपुर एक्सटेंशन इलाके में रहता है। वह निजी कंपनी में काम करता है। शनिवार रात वह ड्यूटी करने से आया तो देखा कि पड़ोसी मूलचंद व उसके भाइयों नीरज और मनोज ने अपनी ऑटो उसके दरवाजे के सामने खड़ा कर दिए थे, जिससे घर में दाखिल होने का रास्ता बंद हो गया था। सुमित ने मूलचंद से ऑटो को साइड करने को कहा। इस बात पर उनके बीच कहासुनी होने लगी। तभी सुमित के पिता रामपाल आकर बीच बचाव करने लगे। इसी दौरान मूलचंद और उसके भाई लाठी-डंडे लेकर आये और पिता-पुत्र को पीट पीट कर अधमरा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख तीनों आरोपी भाग गए।