जम्मू के लिए भी
डीसीडब्ल्यू ने कश्मीर में
अगवा कारोबारी छुड़वाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने कश्मीर में अगवा दिल्ली के 50 वर्षीय व्यापारी को छह घंटे के भीतर ही छुड़वा लिया। कहीं से मदद न मिलने पर व्यापारी की पत्नी ने आयोग से संपर्क किया था।
आयोग के अनुसार, एक महिला ने 181 महिला हेल्पलाइन पर कहा कि कश्मीर से दिल्ली की आजादपुर मंडी में सेब की थोक आपूर्ति करने वाले उसके पति का कश्मीर में अपहरण कर लिया गया है। अपहरण श्रीनगर के बरकत होटल के गेट नंबर-2 से हुआ। उन्हें पुलवामा में रखा गया। व्यापारी ने अपहरण की सूचना 12 अक्तूबर को किसी तरह पत्नी को दी और बताया कि 14 अक्तूबर तक उन्हें मार दिया जाएगा। महिला के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कश्मीर को अधिकार क्षेत्र से बाहर बताकर पल्ला झाड़ लिया था।
महिला ने एसडीएम और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से निराश होकर 13 अक्तूबर को हेल्पलाइन पर संपर्क साधा। पूरी घटना जानने के बाद आयोग ने जम्मू-कश्मीर की पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क कर उन्हें तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा। श्रीनगर और शोपियां पुलिस की मदद से शाम पांच बजे व्यापारी को छुड़ा लिया गया। इस मामले में जीरो एफआईआर भी दर्ज की गई थी। वह व्यापारी अब ठीक हैं और घटना से उबर रहे हैं। आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि हमें देशभर से केस मिलते हैं। अपना क्षेत्राधिकार न होनेे के बावजूद हम संकट में हर महिला की मदद करने का प्रयास करते हैं।