बदमाशों ने युवती से की लूटपाट
सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद
- न्यू उस्मानपुर इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
- पीड़िता से चेन, अंगूठी और कड़े लूट ले गए बदमाश, सीसीटीवी फुटेज वायरल
- पुलिस ने मामला दर्ज किया, फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में बदमाशों ने सहेली के साथ जिम जा रही एक युवती को पिस्टल दिखाकर लूट लिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद लूट की फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वारदात शुक्रवार सुबह ब्रह्मपुरी इलाके की है। दो बदमाशों ने पीड़िता को रोककर उससे अंगूठी, कड़े और चेन लूट ली। वारदात के दौरान पीड़िता की सहेली ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। पीड़िता राखी राणा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, राखी परिवार के साथ जगजीत नगर इलाके में रहती है। शुक्रवार सुबह करीब 6.30 बजे वह सहेली के साथ घोंडा चौक के नजदीक स्थित जिम जा रही थी। दोनों जैसे ही ब्रह्मपुरी में गली नंबर-3 के पास पहुंची। पीछे से आ रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने इन दोनों को रोक लिया। एक बदमाश ने सहेली को धमकाकर वहां से भगा दिया। बाद में जान से मारने की धमकी देकर राखी से जेवरात लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। इधर, लूट के बाद मौके पर लोग इकट्ठा हो गए। लोगों का कहना था कि इलाके में लूटपाट की यह कोई पहली घटना नहीं है। रोजाना ही लूटपाट हो रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तलाश करने का प्रयास कर रही है।