कार किराए पर लेकर लूटने वाला
बदमाश सहयोगी समेत गिरफ्तार
- पुलिस ने घटना के कुछ घंटे बाद ही दोनों बदमाशों को दबोचा
- पकड़ा गया एक बदमाश उत्तम नगर थाने का घोषित बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कापसहेड़ा थाना पुलिस ने आई-20 कार किराए पर लेकर उसे लूटने वाले दो बदमाशों को घटना के कुछ घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने कार, पिस्टल और पीड़ित का मोबाइल बरामद कर लिया है। पकड़ा गया एक बदमाश उत्तम नगर इलाके का घोषित बदमाश है। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
जिला पुलिस उपायुक्त देवेंद्र आर्या ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान नवादा निवासी रोहित और भरथल निवासी अभिषेक सिंह के रूप में हुई है। 7 अक्तूबर को टैक्सी चलाने वाले नजफगढ़ निवासी अजय यादव ने कापसहेड़ा थाने में कार लूट की शिकायत की। उसने बताया कि नवादा से एक युवक ने झज्जर जाने के लिए उसकी आई-20 कार किराए पर ली थी। बिजवासन के पास यात्री ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगा दी और उसके बाद आरोपी उसे हरियाणा के झज्जर, रोहतक और खरखौदा (सोनीपत) ले गया। आरोपी ने अपने दोस्त को फोन किया। जिसने उसे पालम एयरपोर्ट के पास आने के लिए कहा। एयरपोर्ट पहुंचने पर आरोपी का सहयोगी भी कार में बैठ गया। कुछ दूर जाने के बाद बदमाशों ने चालक से उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसे कार से धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। दोनों बदमाश कार लेकर छावला की ओर भाग गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़ित के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया। निरीक्षक गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश कार लेकर कांगनहेड़ी की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने बदमाशों की कार को देखने के बाद उसे रुकने का इशारा किया लेकिन बदमाश कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर बदमाशों की कार रोकी। पुलिस ने कार में सवार रोहित और उसके सहयोगी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। रोहित उत्तम नगर थाने का घोषित बदमाश है और उस पर नौ मामले दर्ज हैं। अभिषेक पर कोई मामला दर्ज नहीं है। कार रोहित ने बुक की थी।