पार्क में टहलने आई युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
- अमर कालोनी इलाके में शराब के नशे में आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस कर रही मामले की छानबीन
- 20 सितंबर की घटना, शाम को पार्क में टहलने गई थी युवती, पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अमर कॉलोनी इलाके में पार्क में टहलने आई युवती से शराब के नशे में धुत एक युवक ने दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी अमर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता परिवार के साथ अमर कालोनी इलाके में रहती है। आरोपी भी अमर कालोनी में ही रहता है। बृहस्पतिवार शाम को वह अपने दोस्त से मिलने ओखला सब्जी मंडी के पास आया था। वहां उसने शराब पी और पार्क की ओर निकल गया। इधर पीड़िता शाम का खाना खाने के बाद पार्क में टहल रही थी। अंधेरा और युवती को अकेली पाकर आरोपी ने उसे जबरन पकड़ लिया। आरोपी पीड़िता को डरा धमकाकर सुनसान जगह ले गया। वहां उसके साथ वारदात को अंजाम दिया। बाद में किसी को कुछ भी बताने पर उसने जान से मारने की धमकी दी।
मेट्रो स्टेशन पर जहरीला पदार्थ खाकर जान दी
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह एक युवक ने जहरीला पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में पीड़ित मंटू कुमार (21) को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मंटू का शव परिवार को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक मंटू परिवार के साथ वजीरपुर जेजे कॉलोनी में रहता था। वह जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन पर सफाई कर्मचारी की नौकरी करता था। सुबह करीब 7:30 बजे वह प्लेटफॉर्म पर खड़ा था। सुरक्षाकर्मियों ने उससे घर जाने के लिए कहा था। इस बीच उसने कंट्रोल रूम के पास जाकर जहरीला पदार्थ पी लिया। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। ब्यूरो