घर के बाहर बैठने पर डांटा
तो चाकू घोंपकर की हत्या
- पुलिस ने हत्या में शामिल दो नाबालिगों को पकड़ा, पुलिस फरार एक अन्य आरोपी की कर रही है तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नेताजी सुभाष प्लेस इलाके में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए वारदात में शामिल दो नाबालिगों को पकड़कर मामले को सुलझाने का दावा किया है। आरोपियों ने खुलासा किया कि युवक ने कुछ दिन पहले उसके घर के बाहर बैठने पर डांट दिया था, जिसका बदला लेने के लिए उन लोगों ने युवक पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त असलम खान ने बताया कि मृतक की पहचान राहुल (26) के रूप में हुई है। वह एस ब्लॉक शकूरबस्ती में रहता था और निजी कंपनी में काम करता था। बुधवार रात राहुल घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच करने के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस नाबालिगों के एक फरार सहयोगी की तलाश कर रही है।