दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल पर लगाया दुष्कर्म करने का आरोप
- पीड़िता की शिकायत पर महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। महेंद्र पार्क इलाके में एक महिला ने दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल पर दुष्कर्म करने, गर्भपात करवाने और दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। एनजीओ की मदद से थाने पहुंची पीड़िता की शिकायत पर महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कांस्टेबल विक्रम सिंह पीसीआर विभाग में तैनात है। पीड़िता बवाना सेक्टर तीन इलाके में अपने दो बच्चों के साथ रहती है। पुलिस को पीड़िता ने बताया है कि उसकी पिछले साल 25 दिसंबर को पड़ोसी से झगड़ा हुआ था। इस मामले की शिकायत पर आरोपी कांस्टेबल विक्रम जांच के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। पीड़िता महिंद्रा पार्क इलाके में कंप्यूटर सीखने जाती थी। इस दौरान विक्रम उससे फोन कर मिलने लगा। विक्रम ने उसे झांसा दिया कि उसकी पत्नी का देहांत हो चुका है, जबकि वह अपने पति को छोड़कर दो बच्चों के साथ रहती है।
पीड़िता के मुताबिक विक्रम ने उसे हैदरपुर के पास कमरा किराए पर दिलवाया और उसके पास ही रहने लगा। इस दौरान उसने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उसने अपने दोस्तों के साथ संबंध बनाने का दबाव भी बनाया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसका गर्भपात भी करवा चुका है। वह विक्रम के चंगुल से भागने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने उसे जबरन बंधक बना कर रखा था।