गुरुग्राम, झज्जर, सोनीपत, बहादुरगढ़ और रोहतक के लिए उपयोगी
वारदात का शतक लगाने वाले दो दबोचे
- छत्तरपुर एनकाउंटर में मारे गए क्रांति उर्फ राजेश भारती गिरोह के हैं बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्व जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने कुख्यात राजेश भारती उर्फ क्रांति गिरोह के दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। दोनों दिल्ली-एनसीआर में कार जैकिंग, एक्सटोर्शन, लूट व हत्या के प्रयास जैसी वारदात का शतक लगा चुके हैं। सरगना राजेश भारती उर्फ क्रांति तीन साथियों के साथ दो महीने पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एएटीएस प्रभारी राजेश मलिक की देखरेख में एसआई महेश कुमार की विशेष टीम को 16 अगस्त को एक सूचना के आधार पर बिजवासन इलाके में पतंजलि की दुकान के पास जाल बिछाकर जितेंद्र उर्फ पिन्नू उर्फ पंडित और विजय दहिया उर्फ बब्बर को दबोच लिया। इनसे दो तमंचे और कारतूस मिले। इनके पास से मिली बाइक महरौली इलाके से चुराई गई थी। पुलिस के मुताबिक, शार्प शूटर जितेंद्र हत्या का प्रयास व लूट के मामलों में भगोड़ा घोषित था। इसने दिल्ली पुलिस के सिपाही पर कागज मांगने पर जानलेवा हमला कर दिया था। विजय हिसार चाइल्ड ऑब्जर्वेशन होम से संजीत के साथ वर्ष 2017 में भाग गया था। तब वह नाबालिग था। वह दिल्ली व हरियाणा के झज्जर के चार मामलों में भगोड़ा घोषित है।
मूल रूप से मौजी वाला कुआं, गुरुग्राम हरियाणा निवासी जितेंद्र बचपन में ही पिता के देहांत के बाद गांव नंगला कलां कुंडली सोनीपत चला गया। वहां इसने हेमंत के साथ नजफगढ़ इलाके में झपटमारी शुरू की। वर्ष 2015 में जेल से निकलने के बाद वह वर्ष 2017 में राजेश भारती, संजीत व बिदरो के संपर्क में आया। वह दिल्ली, गुरुग्राम, झज्जर, सोनीपत, बहादुरगढ़ व रोहतक में वारदात करता था। गांव बिरधाना जिला झज्जर हरियाणा निवासी विजय (20) ने झज्जर में वारदात की और वर्ष 2016 में गिरफ्तार हुआ। तब नाबालिग होने पर उसे हिसार में बाल सुधार गृह में भेजा गया था।