पैकर्स एंड मूवर्स ले उड़े
कारोबारी की कार
- कार ले जानी थी पुणे, आरोपियों ने कार पहुंचाने से पूर्व मांगी और रकम, शक होने पर ठगी का पता चला
- पीड़ित की शिकायत पर हरि नगर थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला, पुलिस कर रही छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। हरिनगर के एक शख्स ने अपनी कार पुणे ले जाने के लिए पैकर्स एंड मूवर्स से संपर्क किया। 12 हजार रुपये में कार को पुणे ले जाने की बात तय हुई। 12 अगस्त को कार पुणे पहुंचानी थी, लेकिन बीच रास्ते में आरोपियों ने अपने खाते में और रुपये डालने को कहा। शक होने पर पीड़ित ने कंपनी से संपर्क किया तो पता चला कि उनका प्रतिनिधि कार ले ही नहीं गया। कार चोरी होने का पता चलते ही पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद हरिनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पीड़ित से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गुरवीर सिंह परिवार के साथ हरिनगर में रहते हैं। उन्हें अपनी एक आई-10 कार पुणे ले जानी थी। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर पैकर्स एंड मूवर्स की खोज शुरू की। कुछ नंबर मिलने पर उन्होंने बातचीत की। इस बीच एक कंपनी से गुरवीर की बात हुई। 12 हजार रुपये में कार ले जाना तय हुआ। आठ अगस्त को आरोपी घर से कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कार को ले गया। इस बीच 11 अगस्त को आरोपी का फोन आया। उसने गुरवीर से 32 हजार रुपये इंश्योरेंस के नाम पर और मांगे। आरोपी ने बताया कि उसके निजी खाते में ही रुपये डाले जाएं। शक होने पर गुरवीर ने कंपनी कॉल की तो उसके होश उड़ गए। कंपनी वालों ने बताया कि उनका प्रतिनिधि कार ले ही नहीं गया। गुरवीर को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।