सफाई के बहाने महिलाओं ने
घर से नकदी और गहने उड़ाए
- बुजुर्ग महिला को झांसा देकर महिलाओं ने दिया वारदात को अंजाम
- पुलिस सीसीटीवी की मदद से महिलाओं की पहचान करने में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। तिलक नगर इलाके में दो महिलाओं ने साफ सफाई करने के बहाने एक बुजुर्ग महिला के घर से लाखों के गहने और रुपये उड़ा लिए। बुजुर्ग महिला की शिकायत पर पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिये महिलाओं की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, हरदयाल कौर(83) पति महेंद्र सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मुखराम गार्डन में रहती हैं। दंपती भूतल पर रहते हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य ऊपर की मंजिलों पर रहते हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हरदयाल कौर अपने घर के बाहर बैठी थी, जबकि महेंद्र सिंह पीछे वाले कमरे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो महिला हरदयाल कौर के पास आईं। दोनों ने कहा कि वह घरों में साफ सफाई करने का काम करती हैं। एक महिला हरदयाल कौर के पास बैठकर उसके पैर दबाने लगी जबकि दूसरी महिला झाड़ू लेकर साफ सफाई करने के इरादे से घर में घुस गई। सफाई करने वाली महिला काफी देर तक कमरे में रही जबकि दूसरी ने हरदयाल कौर को बातों में उलझाए रखा। कुछ देर बाद दोनों महिला किसी काम का बहाना कर वहां से चली गई। उनके जाने के बाद हरदयाल कौर पति की दवा लाने के लिए पैसा निकालने अलमारी के पास गई। अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें से सात हजार रुपये और लाखों के गहने गायब थे। हरदयाल कौर के परिवार वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।