एसयूवी सवार ने कार सवार पर की फायरिंग
- पीड़ित ने रिठौरी और दुजाना गैंग के खिलाफ दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। कोतवाली क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव के नजदीक रविवार को फॉरच्यूनर और स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने कार सवार पर फायरिंग कर दी। पीड़ित किसी तरह बचकर दादरी कोतवाली पहुंच गया। रिठौरी और दुजाना गैंग के खिलाफ तहरीर दे दी। पीड़ित के भाई और साले की करीब 5 साल पहले हत्या हुई थी। पीड़ित हत्या के मामले में गवाह भी है।
डाबरा गांव के रहने वाले कमल भाटी ने बताया कि उसके भाई चमन भाटी की 24 अप्रैल 2013 को और साले पंकज नागर की 27 जून 2012 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोनों मामले में रिठौरी गैग के रणदीप भाटी गैंग व अनिल दुजाना गैंग पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट कराई गई थी। हत्या का मामला कोर्ट मेें विचाराधीन है।
रविवार की सुबह करीब 10 पीड़ित अपने साथी के साथ गांव डाबरा से दादरी की ओर जा रहा था। जब इनकी कार घोड़ी-बछेड़ा गांव के नजदीक पहुंची तो फॉरच्यूनर व स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दिया, जिसमें पीड़ित बचकर भाग निकला। और दोनों गैंग के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी। दादरी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसेन सिंह ने बताया कि हत्या के मामले की लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही है। तहरीर आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।