गाजियाबाद के लिए महत्वपूर्ण...
दो गार्डों ने दो बदमाशों को दबोचा
नई दिल्ली। दक्षिण पूर्वी जिले में सिक्योरिटी गार्ड ने दो अलग-अलग जगहों पर दो बदमाशों को दबोच कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। एक बदमाश बैंक के कैश काउंटर के पास से रुपये लेकर भागने की फिराक में था। जबकि दूसरा पार्किंग में खड़े ई-रिक्शा से बैटरी निकाल रहा था। दोनों गार्ड दिल्ली पुलिस के प्रहरी हैं। परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त ने दोनों को ढाई-ढाई हजार रुपये का इनाम दिया है।
जिले के पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि हरजीत यादव नेहरू प्लेस स्थित कैनरा बैंक में बतौर सिक्योरिटी गार्ड हैं। 13 जुलाई की दोपहर बैंक का कैशियर काउंटर पर ग्राहकों को रुपये दे रहा था। इसी बीच वह किसी काम से काउंटर छोड़कर बाहर निकले। वापस लौटे तो एक संदिग्ध युवक केबिन में घुसकर रुपये उठाने की कोशिश कर रहा था। कैशियर ने आवाज लगाई तो आरोपी भागने लगा लेकिन सिक्योरिटी गार्ड ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान साहिबाबाद गाजियाबाद निवासी अली इस्लामी(28) के रूप में हुई है। कालकाजी थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। इससे पूर्व भी आरोपी विवेक विहार इलाके में स्थित आईडीबीआई बैंक में एक ग्राहक के जेब से ढाई लाख रुपये चोरी करते हुए पकडा गया था।
दूसरे मामले में गोविंदपुरी इलाके में गार्ड ने पार्किंग से ई-रिक्शा की बैटरी चोरी करते एक चोर को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान तुगलकाबाद निवासी फैजल (22) के रूप में हुई है। गार्ड दिनेश कुमार ओखला सर्विस रोड स्थित ई-रिक्शा पार्किंग में सिक्योरिटी गार्ड है।