हवाई फायरिंग कर रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक ऐसे बदमाश को दबोचा है जो हवाई फायरिंग कर रंगदारी वसूलता था। आरोपी की पहचान पोढ़ी गढ़वाल, उत्तराखंड निवासी पंचम सिंह (45) के रूप में की गई है। आरोपी के खिलाफ द्वारका और दक्षिण-पश्चिम जिले में हत्या के प्रयास के तीन मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह अपहरण, झपटमारी व अन्य मामलों में भी आरोपी है। लोकल पुलिस के अलावा अपराध शाखा उससे पूछताछ कर रही है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस को 12 जुलाई को सूचना मिली की आरोपी हरी एंक्लेव, हरी नगर में अपने साथी से मिलने आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। इसके पास से एक 9एमएम की पिस्टल, आठ कारतूस व एक चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आरके पुरम थाने का बीसी रहा। आरोपी ने 2016 में नानकपुरा मार्केट में रंगदारी के लिए ही ललित नामक बाउंसर को गोली मारकर दहशत फैला दी थी। एक माह पूर्व उसने आरके पुरम सेक्टर-7 की मार्केट में हवाई फायरिंग की थी। पंचम अलग-अलग नंबरों से कॉल करता था। पुलिस पंचम से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। ब्यूरो