आधे घंटे तक शवों के बीच दबा रहा था पांच साल का प्रशांत
- जीटी रोड पर हुए हादसे में घायल बच्चे ने घर लौटकर बताया खौफनाक मंजर
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड पर हुए दर्दनाक हादसे में घायल दो बच्चों की अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घर पहुंचकर बच्चों ने घटना के समय का खौफनाक मंजर बताया। 5 वर्ष के प्रशांत ने बताया कि टक्कर होने के बाद सभी उसके ऊपर आ गिरे थे। वह आधे घंटे तक शवों के बीच दबा रहा था।
बीते 14 मार्च को गाजियाबाद के गांव भोआपुर से रिसेप्शन में शामिल होने के बाद बढ़पुरा आ रहे मनवीर के परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया था। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी वहीं पांच घायल हुए थे। घायलों में प्रशांत कुमार (5) और दीपांशु (2) भी शामिल थे। शनिवार को गाजियाबाद के अस्पताल से दोनों को छुट्टी दे दी गई जबकि तीन घायल अभी भी अस्पताल में हैं। प्रशांत ने बताया कि जब गाड़ी की टक्कर हुई तो सारे लोग उसी के ऊपर गिर गए। वह घायलों और मृतकों के बीच दबकर काफी देर तक उसी में फंसा रहा था। गांव के लोग बच्चों से अधिक बात नहीं करने की सलाह दे रहे थे। पिता सतवीर का कहना है कि अब तो भगवान भरोसे ही जीवन कटेगा।