प्रियंका गांधी ने एक और वादा किया है। प्रियंका ने ट्ववीट कर कहा कि अगर आगामी चुनाव के बाद यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो सूबे में किसी भी बीमारी का 10 लाख तक का मुफ्त इलाज होगा।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने सात वादे सार्वजनिक करने के कुछ दिन बाद सोमवार को एलान किया कि राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर लोगों का 10 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त कराया जाएगा।
विज्ञापन
प्रियंका ने एक ट्वीट में कहा, कोरोना काल में और अभी प्रदेश में फैले बुखार में सरकारी उपेक्षा के चलते उप्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की जर्जर हालत सबने देखी। सस्ते व अच्छे इलाज के लिए घोषणापत्र समिति की सहमति से उप्र कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सरकार बनने पर, कोई भी हो बीमारी, मुफ्त होगा 10 लाख रुपये तक का इलाज सरकारी।
इससे पहले, कांग्रेस के सत्ता में आने पर छात्राओं को स्मार्टफोन और इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का वादा किया गया था। बीते 23 अक्तूबर को प्रियंका गांधी ने बाराबंकी जिले से प्रतिज्ञा यात्राओं को हरी झंडी दिखाई थी।
विज्ञापन
इस मौके पर पार्टी ने 20 लाख लोगों को नौकरी देने, बिजली का बिल आधा करने और कोविड-19 महामारी के दौरान वित्तीय संकट से गुजर रहे परिवारों को 25-25 हजार रुपए की सहायता देने का एलान किया था। पार्टी इसके साथ ही अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की घोषणा कर चुकी है।