नोएडा एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग में भारतीय सांस्कृतिक, अध्यात्म व ऐतिहासिक विरासत की भी झलक दिखेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट की मौजूदा डिजाइन में इसका समावेश करने को कहा है।
नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण का जिम्मा ज्यूरिख एयरपोर्ट को मिला है। विकासकर्ता ने चार कंपनियों से टर्मिनल का डिजाइन तैयार कराया है। इनमें नॉर्डिक, ग्रिमशॉ, हैप्टिक और एसटीयूपी शामिल हैं। तीन चरणों की प्रतियोगिता के बाद डिजाइन को अंतिम रूप दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 17 जुलाई को एयरपोर्ट के प्रगति की समीक्षा की थी। इसमें उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग की डिजाइन में भारतीय विरासत की झलक दिखनी चाहिए। इसका समावेश करते हुए डिजाइन को अंतिम रूप दें।
बैठक में शामिल प्रदेश नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल नंदी, अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल, नियाल के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह और ज्यूरिख एयरपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश विकासकर्ता को अवगत करा दिए गए हैं।