पार्टी ने कहा- 21 मार्च को 70 किलो था वजन, 21 जून को घटकर 63.5 किलो रह गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
आम आदमी पार्टी ने शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का वजन लगातार कम होने का दावा किया। आप का कहना है कि 21 मार्च को गिरफ्तारी के बाद से 22 जून तक कुल आठ किलो वजन गिर चुका है। यह चिंताजनक है। गिरफ्तारी के दौरान मुख्यमंत्री का वजन 70 किलो था। अंतरिम जमानत की अवधि खत्म होने के बाद 2 जून को वापस न्यायिक हिरासत में जाने के वक्त उनका वजन घटकर 63.5 किलो था जो 22 जून को घटकर 62 किलो रह गया है।
आप नेताओं ने कहा कि मैक्स अस्पताल के डॉक्टरों ने सीएम के घटते वजन को देखते हुए कई टेस्ट करवाने की सलाह दी। इसके लिए सीएम ने अंतरिम जमानत 7 दिन बढ़ाने की मांग की थी। शनिवार को केजरीवाल का वजन किया गया तो पता चला की उनका वजन गिरना लगातार जारी है। एम्स के मेडिकल बोर्ड ने केजरीवाल के घटते वजन को देखकर डाइट में पराठा और पूड़ी भी शामिल करने के लिए कहा है। पार्टी का कहना है कि सीएम की अंतरिम जमानत एक सप्ताह बढ़ानी चाहिए। उनके स्वास्थ्य की गहन जांच की आवश्यकता है।
केवल हुई खून की जांच
पार्टी ने दावा किया कि एम्स के मेडिकल बोर्ड ने अब तक केजरीवाल के खून से संबंधित कुछ टेस्ट ही करवाएं हैं, लेकिन हार्ट और कैंसर से संबंधित टेस्ट अभी तक एम्स के मेडिकल बोर्ड ने नहीं करवाए हैं।