सीपीआई महासचिव डी. राजा के अलावा गुजरात और महाराष्ट्र से आप के नेता पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जल मंत्री आतिशी के पानी सत्याग्रह को इंडिया गठबंधन के घटक दलों का भी समर्थन मिल रहा है। शनिवार को सीपीआई के महासचिव डी. राजा ने भोगल में अनशन स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। इसके अलावा गुजरात और महाराष्ट्र से गोपाल इटालिया समेत आप के कई नेता पहुंचकर सत्याग्रह में शामिल हुए। वहीं, शाम को मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौके पर पहुंचकर आतिशी का हालचाल जाना। इस दौरान डी. राजा ने प्रधानमंत्री को कर्तव्य निभाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली गंभीर जल संकट से गुजर रही है। हरियाणा और दिल्ली सरकार के बीच तालमेल बनाने की पहल करनी चाहिए, लेकिन वो नहीं कर रहे हैं।
वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने दिल्ली का पानी बंद करा दिया, जबकि आप के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि जल संकट को दूर करने के लिए सारे अस्त्र आजमा लिए। केंद्र से लेकर हरियाणा सरकार तक की मिन्नतें कर लीं, लेकिन पानी नहीं मिला। दिल्ली के हक का पानी उसका अधिकार है, जो उसे मिलना चाहिए। वहीं, दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार से बार-बार आग्रह करने पर भी पानी नहीं छोड़ा गया। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, लेकिन कोई हल नहीं निकला। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से भी आग्रह किया।
सुनीता केजरीवाल ने आतिशी का स्वास्थ्य जाना
सुनीता केजरीवाल कुछ देर तक अनशन स्थल पर मौजूद रहीं और आतिशी का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी आतिशी और दिल्ली की जनता के साथ खड़ी है। दिल्ली के अधिकार को दिलवा कर रहेंगे।
अनशन पर आतिशी की हुई स्वास्थ्य जांच
आप नेताओं ने बताया कि आतिशी के ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल में गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही, कुछ न खाने से वजन भी घटा है।