नोएडा (मनोज कुमार)। ट्रैफिक पुलिस ने बच्चों को हेलमेट पहनाए बगैर बाइक चलाने वाले चालकों का चालान शुुरू कर दिया है। अदालत के आदेश पर रविवार से कार्रवाई शुरू की गई। पहले दिन ऐसे लोगों के चालान किए गए जिनकी बाइक पर बच्चे बगैर हेलमेट पहने बैठे थे। इस तरह चार अन्य चालान कार चालकों के काटे गए जिनकी गाड़ी में बैठे बच्चों की सीट बेल्ट नहीं लगी थी।
ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर वाहन चालकों को जागरूक करते हुए बच्चों को सीट बेल्ट लगाने और हेलमेट पहनाने के बाद ही सड़क पर उतरने की अपील की है। साथ ही कहा है कि स्कूल खुलने के बाद ट्रैफिक पुलिस बच्चों को बिना हेलमेट पहनाकर वाहन चलाने वाले अभिभावकों पर सख्त कार्रवाई करेगी। अधिकारियों ने साफ कहा है कि स्कूल लाने और घर ले जाने के दौरान यह चेक किया जाएगा कि अभिभावकों के साथ बच्चों ने भी हेलमेट लगाए हैं या नहीं। केवल अभिभावक के हेलमेट लगाने पर भी चालान की कार्रवाई की जाएगी।
अहम है कि पिछले दिनों कोर्ट ने हादसों का संज्ञान लेते हुए ऐसे दोपहिया वाहन चालकों का चालान करने के आदेश दिए थे जो बच्चों को हेलमेट नहीं पहनाते हैं। कोर्ट ने आदेश में साफ कहा है कि 7 से 14 वर्ष के बच्चों को हेलमेट पहनाना और सीट बेल्ट लगवाना अनिवार्य है। नियम का पालन नहीं करने पर वाहन चालकों के चालान किए जाएंगे।
हेलमेट मैन ने की लोगों से अपील
हेलमेट मैन के नाम से मशहूर रघुवेंद्र ने ट्रैफिक पुलिस की इस मुहिम में भाग लिया। रविवार को उन्होंने उन बाइक सवारों को जागरूक किया जिन्होंने बच्चों को अपने साथ बिना हेलमेट पहनाए बैठा रखा था। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लोगों ने आश्वासन दिया कि वह अब बच्चों को हेलमेट पहनाने के बाद ही सड़क पर बाइक चलाएंगे।