दादरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 सितंबर को जिले में आएंगे। मुख्यमंत्री रात्रि प्रवास गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में करेंगे। इसके बाद सुबह 22 सितंबर को वह पहले यहां लोगों के मिलेंगे फिर जीटी रोड स्थित मिहिर भोज कॉलेज में गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद यहां से धौलाना जाएंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बुधवार को कॉलेज प्रबंध समिति व विधायक तेजपाल सिंह नागर ने बैठक की। इसमें विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कटहेरा रोड, मिहिर भोज कॉलेज में भौतिक, रसायन व विज्ञान की प्रयोगशाला, गढ़ी गांव में सद्भाव मंडप, कम्यूनिटी हॉल का उद्घाटन करेंगे। उनके आगमन की तैयारी शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन भी तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट हो गया है। एडीएम प्रशासन दिवाकर सिंह, तहसीलदार विवेकानंद मिश्रा ने कॉलेज परिसर का जायजा लिया। बैठक में गुर्जर विद्या सभा के अध्यक्ष राधाचरण भाटी, सचिव रामचंद्र वर्मा, बिजेंद्र भाटी, पवन, बलबीर, जगदीश, आजाद सिंह आदि पदाधिकारी व सदस्य थे।