-पेपर-1 में 5,79,844 और पेपर-2 में 3,76,025 उम्मीदवार सफल
-उम्मीदवारों को जल्द ही डिजिलॉकर में मिल जाएगी अंकतालिका
-सीबीएसई की अधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है परिणाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने देशभर में 28 दिसंबर से सात फरवरी तक कंप्यूटर बेस्ट टेस्ट (सीबीटी) मोड में हुए सेंट्रल टीचर एलिजेबिलिटी टेस्ट(सीटीईटी) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। नतीजे सीटीईटी वेबसाइट https://ctet.nic.in और सीबीएसई की वेबसाइट https://cbse.nic.in पर देखे जा सकते हैैं। पेपर-1 में 5,79,844 और पेपर-2 में 3,76,025 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। उम्मीदवारों को अंकतालिका और योग्यता प्रमाणपत्र डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
डिजिलॉकर पर मिलने के कारण अंकतालिका को कभी भी कहीं भी भेजा जा सकता है। सीबीएसई के अनुसार, सीटीईटी के पेपर-1 में कुल 17,04,282 छात्र पंजीकृत हुए थे, जिसमें से 14, 22,959 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। इसमें से 5,79,844 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। जबकि पेपर-2 के लिए 15,39,464 उम्मीदवार पंजीकृत हुए थे जिसमें से 12,76,071 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 3,76,025 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। बोर्ड के अनुसार, जल्द ही सफल रहे उम्मीदवारों की अंकतालिका और योग्यता प्रमाणपत्र को डिजिलॉकर पर अपलोड कर दिया जाएगा। उम्मीदवार अपने सीटीईटी 2022 के आवेदन फॉर्म में दिए गए मोबाइल नंबर के माध्यम से योग्यता प्रमाणपत्र और अंकतालिका को डाउनलोड कर सकते हैं।