दिल्ली में हादसे के बाद सख्ती: अन एकेडमी को चेतावनी, शिक्षा विभाग में फीस जमा नहीं कराई तो आज होगी सीलिंग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा।
दिल्ली में राव स्टडी सेंटर के बेसमेंट में डूबने से तीन छात्र-छात्राओं की मौत के बाद अब नोएडा में चल रहे कोचिंग संस्थानों की जांच शुरू हो गई है। मंगलवार को शिक्षा विभाग, प्राधिकरण, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम ने सेक्टर-62 स्थित चार कोचिंग सेंटरों की जांच की। इसके बाद बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे करियर लॉन्चर कोचिंग सेंटर को पूरी तरह सील कर दिया गया। वहीं, आकाश इंस्टिट्यूट और फिटजी के बेसमेंट सील किए गए। साथ ही, अन एकेडमी को चेतावनी दी गई है कि अगर शिक्षा विभाग की फीस जमा नहीं कराई गई तो बुधवार को सीलिंग की कार्रवाई होगी।
मंगलवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, डीआईओएस डाॅ. धर्मवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट और प्राधिकरण के सीनियर मैनेजर ने चार कोचिंग सेंटरों की जांच की। इसमें करियर लॉन्चर के पास शिक्षा विभाग का कोई रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। साथ ही, कई कागजात नहीं मिले और शिक्षा विभाग को फीस भी जमा नहीं कराई गई थी। ऐसे में सेंटर को सील कर दिया गया। यहां से टीम आकाश इंस्टिट्यूट और फिटजी में पहुंची। यहां दोनों कोचिंग संस्थानों ने बेसमेंट में पार्किंग की परमिशन ले रखी थी, लेकिन पार्किंग की जगह ऑफिस और सेमिनार हॉल बना दिया गया था। दोनों संस्थानों के बेसमेंट को सील किया गया। इसके बाद अन एकेडमी कोचिंग सेंटर की जांच की गई। संचालक ने शिक्षा विभाग को रजिस्ट्रेशन के लिए दो तीन दिन पहले ही पत्र भेजा था, लेकिन फीस जमा नहीं कराई थी। इस पर डीआईओएस ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मंगलवार रात तक सभी कागजात व फीस जमा नहीं कराई गई तो बुधवार को कोचिंग सील कर दिया जाएगा।
पार्किंग की जगह ऑफिस और सेमिनार हॉल बनाए
अधिकारियों का कहना है कि आकाश व फिटजी के बेसमेंट में काफी गड़बड़ियां मिलीं हैं। दोनों कोचिंग संस्थानों के बेसमेंट में पार्किंग की जगह शैक्षणिक कार्य हो रहा था। सेमिनार हॉल भी बनाए गए थे। बेसमेंट से निकासी की भी अच्छी व्यवस्था नहीं थी। साथ ही, कई मानकों का उल्लंघन हो रहा था।
जिले में 51 कोचिंग सेंटर, लगातार चलेगा अभियान
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, नोएडा-ग्रेनो में कुल 51 कोचिंग सेंटरों का संचालन हो रहा है। अग्निशमन, प्रशासन व प्राधिकरण की टीमें सभी जगह जांच करेंगी। बुधवार को भी कई कोचिंग सेंटरों में टीम जाएगी। कोचिंग में जांच के दौरान प्रपत्रों से लेकर सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। इस कारण समय अधिक लग रहा है।
-
दिल्ली की घटना के बाद जनपद के कोचिंग सेंटरों की जांच की जा रही है। पहले दिन चार कोचिंग सेंटरों में टीम पहुंची और एक कोचिंग को पूरी तरह से सील कर दिया गया। दो के बेसमेंट को सील किया गया है। यह अभियान लगातार चलेगा। - प्रदीप कुमार चौबे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी
कोचिंग संचालक सुरक्षा को सबसे ऊपर रखें और सभी मानकों को पूरा कर संचालन करें। इसमें शिक्षा विभाग की तरफ से सहयोग किया जाएगा। पहले दिन की जांच में तीन जगह कार्रवाई कर चौथे कोचिंग सेंटर को एक दिन की मोहलत दी गई है। मानकों को पूरा नहीं करने पर अन एकेडमी को भी सील कर दिया जाएगा। - डाॅ. धर्मवीर सिंह, डीआईओएस