जेवर। यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही कार उससे जा टकराई। हादसे में कार चला रहे युवक समेत दो की मौत हो गई। कार सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य एक दोस्त के साथ दिल्ली से दर्शन के लिए मथुरा जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान दिल्ली के बुद्ध विहार निवासी गौरव (26) और मूल रूप से नौहझील निवासी लवकुश (19) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह दिल्ली के बुद्ध विहार के शर्मा कॉलोनी निवासी लता देवी बेटे गौरव, कुणाल और गौरव के दोस्त लवकुश के साथ दर्शन के लिए मथुरा के रमणरेती जा रही थीं। यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर कोतवाली क्षेत्र में खुर्जा अंडरपास के ऊपर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रही कार ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार सभी चार लोग घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मियों, पुलिस व अन्य लोगों ने कार में फंसे लोगों को निकालकर जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने गौरव और लवकुश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अस्पताल में भर्ती कुणाल (गौरव के छोटे भाई) की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि, लता देवी को डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी है।
जेवर कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि दोनों के परिजन को सूचना दे दी गई। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कार और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया।
बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर पैदल जा रहे मां-बेटे को कार ने मारी टक्कर
रबूपुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर पैदल जा रहे मां-बेटे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
फलैदा गांव के पास हुए हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि बेटा मामूली रूप से घायल हो गया। महिला की पहचान घोड़ी-बछेड़ा गांव निवासी मीना देवी (52) के रूप में हुई है। वह बेटे गौरव के साथ अलीगढ़ जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक दादरी कोतवाली क्षेत्र के गांव घोड़ी-बछेड़ा निवासी गौरव सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे मां मीना देवी के साथ बाइक से अलीगढ़ के जट्टारी जा रहा था। नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले गौरव ने बताया कि जट्टारी में उसे मंदिर में मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में शामिल होना था। यमुना एक्सप्रेसवे पर बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। वह बाइक पैदल लेकर आगे बढ़ने लगा। पीछे-पीछे मां मीना देवी आ रही थी। फलैदा गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने पहले मां को टक्कर मारी फिर उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। हादसे में गौरव मामूली रूप से घायल हुआ। जबकि गंभीर रूप से घायल उसकी मां को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। गौरव की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरव (फाइल फोटो)- फोटो : Grnoida
लवकुश (फाइल फोटो)- फोटो : Grnoida
यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे में क्षतिग्रस्त कार को निकालने का प्रयास करता कर्मी। संवाद- फोटो : Grnoida