लोगों को मिली जाम से राहत, 200 मीटर दूर बनाया बस स्टैंड
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बाहर भीड़ कम करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। स्टेशन के बाहर बने बस स्टैंड को मंगलवार को स्थानांतरित कर दिया गया। इससे निजामुद्दीन की तरफ से स्टेशन परिसर में आने वाले वाहनों और यात्रियों को राहत मिली है। बस स्टैंड के कारण बसों और अन्य ऑटो-टैक्सियों का जमावड़ा रहता था।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बाहर अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में संबंधित एजेंसियों के साथ कई बैठकें हो चुकी हैं। बस स्टैंड को हटाने के लिए दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग से मांग की गई थी। स्टेशन की इमारत के नजदीक बस स्टैंड होने के कारण हमेशा डीटीसी की बसें खड़ी रहती थीं, जिससे जाम लगता था। परिवहन विभाग ने अब इसे 200 मीटर दूर स्थानांतरित कर दिया है। साथ ही, रेलवे ने सड़क को चौड़ा करने का भी काम शुरू कर दिया है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से वंदेभारत, गतिमान, राजधानी समेत दर्जनों ट्रेनें आवागमन करती हैं। प्रतिदिन दो से ढाई लाख यात्री सफर करते हैं।