सनलाइट कालोनी के पास अचानक बिगड़ा संतुलन, डिवाइडर से टकराई बाइक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सराय काले खां बस अड्डे के नजदीक शांति देवी (60) और राहुल सिंह (30) बुलेट पर फरीदाबाद से उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार जा रहे थे। जैसे ही राहुल बस अड्डा पार करने के बाद आईपी पार्क के पास पहुंचा बाइक का संतुलन बिगड़ गया और डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में मां-बेटे बुरी तरह जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपे जाएंगे। सनलाइट काॅलोनी थाना पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के मुताबिक, शांति देवी और राहुल परिवार के साथ डबुआ कालोनी, एनआईटी, फरीदाबाद में रहते थे। शांति के परिवार में पति वीरपाल सिंह व अन्य सदस्य हैं। राहुल बीटेक इंजीनियर थे। कुछ दिनों से मामा के बेटे की तबीयत खराब चल रही थी। रविवार को छुट्टी होने से राहुल मां को लेकर मामा के घर सोनिया विहार जा रहे थे। सुबह करीब 9:30 बजे दोनों आउटर रिंग रोड, आईपी पार्क गेट नंबर-4 के पास पहुंचे। इस बीच बाइक डिवाइडर से टकराई और दोनों जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। दोनों ने हेलमेट लगा रखे थे।