नोएडा। कोतवाली एक्सप्रेसवे क्षेत्र स्थित सेक्टर-135 में मंगलवार सुबह भाई साथी के साथ मिलकर बहन के प्रेमी को दो गोली मार दी। एक गोली हाथ और दूसरी युवक के सीने के नीचे लगी है। उसे गंभीर अवस्था में जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। कोतवाली एक्सप्रेसवे पुलिस ने मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली एक्सप्रेसवे के प्रभारी ने बताया कि मूल रूप से बिजनौर निवासी आदिल दिल्ली के जगतपुरी इलाके में रहता है। वह बिस्किट, नमकीन आदि की सप्लाई का काम करता है। मंगलवार सुबह वह बाइक से सेक्टर-135 आया था, तभी डबल सर्विस रोड के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने उसे गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल जेपी अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि घायल आदिल का बिजनौर निवासी जीशान की बहन से प्रेम प्रसंग चल रहा है। जीशान भी परिवार के साथ फिलहाल दिल्ली में रह रहा है। वहीं, आदिल के खिलाफ बिजनौर में लड़की भगाने और दुष्कर्म आदि की भी रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। प्रेम प्रसंग को लेकर जीशान नाराज था। मंगलवार को जीशान अपने एक साथी नोएडा आया और आदिल को गोली मार दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तार का प्रयास कर रही है।
सीएम से करेंगे सीबीआई से जांच की कराने मांग
चार माह पहले रेलवे रोड स्थित वेद विहार कॉलोनी से बिजली निगम में संविदा कर्मचारी के तीन साल के बेटे दक्ष का अपहरण कर नहर में फेंकने के मामले में पुलिस को हत्यारों की सीसीटीवी फुटेज मिली है। इसके बाद भी उनकी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, पीड़ित परिजन घटना का खुलासा करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलकर सीबीआई से मामले की जांच कराने की मांग करेंगे।
संविदा कर्मी मुनेंद्र के बेटे दक्ष का बीती 31 मार्च को अपहरण किया गया था। पांचवें दिन पुलिस ने बुलंदशहर नहर से शव बरामद किया था। पुलिस ने दावा किया था कि दक्ष को जिंदा नहर में फेंका गया था। पुलिस को गांव खटाना के पास से एक सीसीटीवी फुटेज मिली है। इसमें दो लोग बाइक पर दक्ष को ले जाते दिख रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया था। फुटेज देखकर परिजन ने दक्ष को तो पहचान लिया, लेकिन हिरासत में लिए दोनों युवकों की पहचान नहीं कर सके। घटना को करीब चार माह बीतने और सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पीड़ित पिता का कहना है कि अब न्याय के लिए अगले सप्ताह मुख्यमंत्री से मिलेंगे। वहीं, कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पुलिस और एसओजी टीम हत्यारों की तलाश में जुटी है।