सचदेवा ने कहा - भ्रष्टाचार के प्रतीक केजरीवाल ने दिल्ली को लूटा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा ने रविवार को 256 वार्डों में भ्रष्टाचार की होलिका व मुख्यमंत्री के पुतले का दहन किया। इस दौरान भाजपा सांसद, विधायक, प्रत्याशी आदि ने अपने-अपने इलाके में विरोध दर्ज किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि होलिका दहन का संदेश बुराई का दहन और अच्छाई की जीत है। दिल्ली में सबसे बड़ी बुराई भ्रष्टाचार है। इसके प्रतीक केजरीवाल ने दिल्ली को लूट लिया है।
कनॉट प्लेस में आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री का काम शहर का विकास करना है, लेकिन केजरीवाल पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने शराब की बिक्री करवाकर दिल्ली वालों को लूटा है। दिल्ली में चाहे मंदिर, स्कूल, गुरुद्वारा या मुख्य बाजार हो ऐसी कोई जगह नहीं है जिसके आसपास शराब की दुकानें न खोली गई हों। जल्द ही मनीष सिसोदिया और संजय सिंह की तरह केजरीवाल भी तिहाड़ में होंगे। थोड़ी भी नैतिकता होती तो पहले इस्तीफा देते और जांच में शामिल होते, लेकिन केजरीवाल व उनके मंत्री बेहद भ्रष्ट हैं और नैतिकता खो चुके हैं। ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव ने भ्रष्टाचारी सरकार के इस्तीफे की मांग की।
इधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी की मौजूदगी में महिपालपुर में होलिका दहन की जगह मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया। बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल अब एक बुराई के रूप में पहचाने जा रहे हैं, इसलिए होली पर भ्रष्टाचार की बुराई को जलाने का फैसला लिया गया।सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जब भ्रष्टाचारी गिरफ्तार होते हैं तो कोई दुख नहीं मनाता। दिल्ली वाले भ्रष्ट सरकार के मुखिया की गिरफ्तारी पर खुशी जाहिर कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष योगिता सिंह गोविंदपुरी एक्सटेंशन में पुतला दहन में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि शराब की वजह से कई महिलाओं के घर उजड़ गए, युवा नशे के लत में पड़ गए। इसके अलावा प्रदेश महामंत्री कमलजीत सहरावत उत्तम नगर, योगेंद्र चंदोलिया उद्योग विहार, रोहिणी में विजेंद्र गुप्ता, लक्ष्मी नगर में अभय वर्मा, मधु विहार में ओम प्रकाश शर्मा, कैलाश नगर में अनिल बाजपेयी, सोनिया विहार में मोहन सिंह बिष्ट समेत सभी मंडलों में भाजपा ने विरोध दर्ज किया।