ग्रेटर नोएडा। होली के दिन दादरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर दर्दनाक हादसा हुआ। ओवरब्रिज से जा रहे बुलेट सवार तीन युवक बाइक समेत नीचे गिर गए। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक डिवाइडर से टकराने के बाद बुलेट ओवरब्रिज से नीचे गिरी थी। हादसे के वक्त किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान विकास (21) निवासी कुलेसरा और सलारपुर निवासी मास के रूप में हुई है। जबकि सलारपुर निवासी देवा (25) की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती किया गया है। होली के दिन हुए हादसे के बाद दोनों घरों में मातम छा गया।
होली के दिन हुए हादसे की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि तीन दोस्त विकास, मास और देवा होली के दिन बुलेट पर सवार होकर घूम रहे थे। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि देवा अपनी बहन के यहां जाने की बात कहकर घर से निकला था। बहन के घर जाने के लिए वह पड़ोसी से बुलेट मांग कर लाया था। परिजनों के मुताबिक दादरी रेलवे ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराकर बाइक नीचे आ गिरी। हादसे में विकास और उसके दोस्त मास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। जबकि नोएडा के सलारपुर गांव का रहने वाला देवा घायल हो गया। जिसे गंभीर हालत में कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक तीनों युवक अलग-अलग कंपनी में नौकरी करते थे।