ग्रेटर नोएडा। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह के खिलाफ प्राधिकरण रिकवरी नोटिस (आरसी) जारी करेगा। आरपी सिंह के साथ 2016 में शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स परिसर में क्रिकेट अकादमी शुरू करने के लिए पांच साल के लिए समझौता हुआ था। समझौते के तहत अकादमी संचालित की जा रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, कोरोना के कारण आरपी सिंह ने धीरे-धीरे यहां से अकादमी बंद कर दी। अब वह दोबारा अकादमी शुरू करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे में प्राधिकरण ने उनसे बकाया राशि देने के लिए कहा है। आरोप है कि आरपी सिंह को कई बार रिमाइंडर भेजा जा चुका है, लेकिन उन्होंने जवाब दिया न ही बकाया चुकाया। इस कारण प्राधिकरण ने आरसी जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राधिकरण के जीएम व स्पोर्ट्स सेल के प्रभारी सलिल यादव ने बताया कि आरपी सिंह पर करीब 9 लाख रुपये बकाया हैं। इसे जमा कराने के लिए कई बार प्राधिकरण आग्रह कर चुका है।