Attempts on hammer in lockers failed for three hours
पिनगवां। पुन्हाना-नगीना सड़क के ढाणा मोड़ पर स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में शनिवार देर रात तीन अज्ञात बदमाश चोरी करने की नियत से घुस गए। चोरों ने बैंक का जंगला तोड़कर तिजोरी में सेंध लगाने की कोशिश की। आरोपियों ने करीब तीन घंटे तक हथौडे़ से बैंक लॉकरों को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने बैंक प्रबंधक की शिकायत पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई बच्चू सिंह ने बताया कि शाखा प्रबंधक रवि कुमार ने दी शिकायत में कहा कि जब वह बैंक में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मेन गेट के साथ लगता जंगला टूटा हुआ है। बदमाशों ने बैंक के अंदर घुसकर कागजात से भरी अलमारी के साथ छेड़छाड़ की है। बैंक के अंदर लॉकरों को हथौडे़ की सहायता से करीब तीन घंटे तक तोड़ने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शनिवार रात्रि करीब 11 बजे नकाबपोश तीन बदमाश बैंक में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोपी बैंक की पिछली तरफ से आकर लोहे के जिंगलों को काटकर घुस गए। अलमारी और लॉकरों को काफी नुकसान हुआ है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों के बैंक के अंदर से फिंगरप्रिंट जुटाए जा रहे हैं।