ग्रेटर नोएडा। दादरी में 22 सितंबर को आयोजित होने वाले प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की होर्डिंग में सम्राट मिहिर भोज के नाम के आगे गुर्जर नहीं लिखने से लोगों में आक्रोश है। गुर्जर समाज के लोगों समेत कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने सड़क से लेकर सोशल मीडिया पर आक्रोश प्रकट किया है। आरोप है कि राजपूत समाज के कुछ लोगों के विरोध करने पर शहर में लगे होर्डिंग और पोस्टरों से गुर्जर शब्द हटा दिए गए हैं। शनिवार को नाराज लोगों ने दादरी में पोस्टर लगवाने वाले भाजपा नेताओं का पुतला फूंका और कार्यक्रम के बैनर भी फाड़ दिए।
लोगों का कहना है कि दादरी में गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा के अनावरण की सूचना सोशल मीडिया पर दी गई थी। आमंत्रित करने के लिए जारी किए गए कार्ड पर गुर्जर शब्द का इस्तेमाल किया गया था। कार्यक्रम की जानकारी मिलने के दूसरे दिन ही राजपूत समाज से कुछ लोगों ने विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इस मामले को लेकर विधायक धीरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। आरोप है कि राजपूत समाज के विरोध और चेतावनी के चलते शनिवार को दादरी नगर में लगे कार्यक्रम के होर्डिंग से गुर्जर शब्द हटा दिए गए। इससे गुर्जर समाज के लोग नाराज हैं। कई लोगों ने शहर में लगी होर्डिंग फाड़ दी है।
सोशल मीडिया पर भी इसके विरोध में विडियो जारी किए जा रहे हैं। साथ ही आयोजन में जुटे भाजपा के नेताओं पर कटाक्ष किए जा रहे है। वहीं भाजपा नेता चुप्पी साधे हुए हैं। अखिल भारतीय गुर्जर शोध संस्थान के अध्यक्ष योगेंद्र चौधरी का कहना है कि महापुरुषों की कोई जाति नहीं होती है। इतिहास में स्पष्ट है सम्राट मिहिर भोज गुर्जर समाज से थे। दूसरे समाज के लोग अनावश्यक रुप से विरोध कर रहे है। पूर्व मंत्री और अखिल भारतीय गुर्जर शोध संस्थान के संरक्षक हरिश्चंद्र भाटी का कहना है कि सम्राट मिहिर भोज गुर्जर समुदाय से थे। उन्हें जाति बिरादरी से ऊपर उठकर देखना चाहिए।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संतवीर भाटी का कहना है कि दनकौर ब्लॉक को खत्म करने के बाद चुप रहना समाज की कमजोरी जाहिर करता है। लेकिन इस खामोशी को गुर्जर समाज की कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। वहीं विपिन नागर ने गुर्जर शब्द हो हटाने को समाज का अपमान बताया है। समाज का अपमान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है।
करणी सेना ने पीएम और सीएम को लिखा पत्र
इस मामले में राजपूत करणी सेना ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि दादरी में राजपूत सम्राट मिहिर भोज प्रतिहार को गुर्जर समाज से जोड़कर प्रतिमा का अनावरण कराने का प्रयोजन है। पत्र में इसे इतिहास से छेड़छाड़ बताया गया है। साथ ही कहा गया है कि आगामी चुनावों में क्षत्रिय समाज इसे सकारात्मक रुप से नहीं लेगा। राजपूत करणी सेना इसका विरोध कर रही है। पत्र में किसी भी जातिसूचक शब्द से मूर्ति का अनावरण नहीं करने की मांग की गई है।
अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा ने फूंका पुतला
दादरी (संवाद)। अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सम्राट मिहिर भोज डिग्री कॉलेज के सामने भाजपा नेताओं का पुतला जलाया। महासभा के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह भाटी एडवोकेट ने कहा कि भाजपा नेता चक्रवर्ती सम्राट मिहिर के नाम के पहले गुर्जर शब्द नहीं लगा रहे हैं। इससे गुर्जर समाज में आक्रोश है।
मुख्यमंत्री से वार्ता नहीं हुई तो दिखाएंगे काले झंडे
दनकौर (संवाद)। यमुना किसान आंदोलन के किसानों की कैंप कार्यालय में बैठक हुई। शनिवार को हुई बैठक में 22 सितंबर को जिले के दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से किसानों से वार्ता नहीं करने पर काले झंडे दिखाकर विरोध जताने का निर्णय लिया गया। हालांकि किसानों ने जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का प्रस्ताव दिया है। इस मौके पर जीवन सिंह, नरेश चपरगढ़, बलराज, रामसिंह, जोगेंद्र, गौरव नागर, धीरज सिंह, छोटू प्रधान, सुखपाल, राजकुमार, धीरज सिंह, ब्रह्मपाल कसाना, धर्मवीर व महेश कसाना आदि लोग मौजूद रहे।
सीएम से मिलना चाहते हैं अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधि
ग्रेटर नोएडा। किसान, छात्र, अधिवक्ता, व्यापारी, फ्लैट खरीदारों समेत कई संगठनों और दलों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर सीएम से मुलाकात के लिए समय मांगा है। वहीं लोग ट्वीट कर समस्याएं दूर करने और मांगें पूरी करने की बात कर रहे हैं। दादरी के व्यापारी नेता मनोज गोयल का कहना है कि भाजपा सरकार में अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण हुआ है। लेकिन स्थानीय स्तर पर पुलिस व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीएम व्यापारियों के लिए भी कई घोषणाएं करेंगे। ब्यूरो
हेलीपैड और वाटरप्रूफ पंडाल बनाने का काम शुरू
दादरी (संवाद)। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी के लिए मिहिर भोज कॉलेज परिसर में वाटरप्रूफ पंडाल बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही हेलीपैड बनाने के लिए रोलर से जमीन समतल किया जा रहा है। मिहिर भोज कॉलेज में बनाए जा रहे सभास्थल में हाइड्रा मशीन की मदद से 20 से अधिक लोग पंडाल बनाने में जुटे हैं। वहीं मिहिर भोज बालिका इंटर कॉलेज के पीछे परिसर में हेलीपैड बनाने के लिए कार्य चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों की निगरानी में हेलीपैड निर्माण कार्य कराया जा रहा है।