गृह मंत्री को अलवर में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद नोएडा आना था। लेकिन शाम पांच बजे के आसपास एकाएक मौसम खराब हो गया। तेज आंधी और हल्की बारिश की वजह से अमित शाह अलवर में ही फंस गए। मौसम ठीक होने का इंतजार किया। लेकिन बात नहीं बन पाई तो आखिरकार उन्होंने नोएडा की जनता को फोन पर ही संबोधित करने का फैसला लिया।
उन्होंने फोन से दिए गए संबोधन में कहा कि मैं डॉ. महेश शर्मा के लिए वोट की अपील करने आने वाला था। डॉ. महेश को आपका दिया एक-एक वोट नरेंद्र मोदी को मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि मोदी ने बीते 10 साल में गरीब कल्याण से लेकर शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में ढेर सारे काम किए। महेश शर्मा और नरेंद्र मोदी की जोड़ी यहां बड़ा एयरपोर्ट लेकर आई। ढेर सारे हाइवे से जोड़ा। डॉ. महेश ने नोएडा के चहुंमुखी विकास में काफी योगदान दिया है।
मोदी और योगी ने यूपी में मजबूत कानून व्यवस्था की कायम
अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी ने पूरे उत्तर प्रदेश में एक मजबूत कानून व्यवस्था कायम की है। इसकी वजह से उत्तर प्रदेश में विकास का नया रास्ता खुला है। उन्होंने अंत में महेश शर्मा को एक बार फिर जीत दिलाने की अपील की और भाजपा का हाथ मजबूत करने को कहा।
कार्यकर्ता हुए मायूस
रैली में दोपहर से ही बसों व अन्य वाहनों से आने वाले कार्यकर्ता काफी जोश में थे। लेकिन मंच से जैसे ही यह घोषणा हुई कि अमित शाह नहीं आ पाएंगे। वैसे ही उनका जोश ठंडा पड़ गया। अमित शाह के फोन से संबोधन समाप्त होते ही जनता और कार्यकर्ता मौके से खिसकने शुरू हो गए। हालांकि भाजपा के नेताओं की ओर से कुछ नेताओं को पार्टी में शामिल कराने का कार्यक्रम था। लेकिन जनता वहां नहीं रुक पाई।
आंधी और हल्की बारिश में मंच से भरा गया जोश
आंधी और हल्की बारिश के बीच मंच से लोगों के बीच जोश भरा जाता रहा। लोगों को बार-बार कहा गया कि अमित शाह आने वाले हैं। वह उत्साह बनाए रखें। इसी बीच आंधी का कहर ज्यादा होने पर लोग असहज नजर आए। बीच-बीच में बूंदाबांदी ने पूरा माहौल खराब कर दिया।