ग्रेनो के आकाश और मेरठ की मनु ने जीता भारत केसरी खिताब
- अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता नागर ने कराया दंगल
- 200 मुकाबलों में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सादुल्लापुर गांव में अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता नागर ने शनिवार को कुश्ती दंगल कराया। दंगल में कई राज्यों व शहरों के महिला व पुरुष पहलवानों ने दांव-पेच दिखाए। मेरठ की मनु तोमर ने बंबावड़ की रौनक नागर और ग्रेनो के जमालपुर गांव के आकाश नागर उर्फ कलुआ पहलवान ने हरियाणा के रेशम को हराकर भारत केसरी का खिताब जीता। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आयोजक बबीता नागर ने बताया कि दंगल में प्रदेश के कई शहरों के अलावा अन्य राज्यों के लगभग 150 महिला पुरुष पहलवानों ने शिरकत की। रेसलिंग मैट पर हुए दंगल में अलग-अलग भार वर्ग में दो सौ से अधिक मुकाबले खेले गए। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। फाइनल मुकाबला रात नौ बजे के बाद हुआ। देर तक चले मुकाबले में आकाश नागर ने बाजी मारते हुए हरियाणा चरखी दादरी के पहलवान रेशम को हरा दिया। उन्हें 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार और गदा सौंपकर सम्मानित किया गया। वहीं, रेशम को 31 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया।
महिला पहलवानों के मुकाबले में मनु तोमर ने रौनक नागर को हराया। उन्हें 31 हजार हजार का पुरस्कार दिया गया। वहीं, रौनक नागर को 21 हजार का पुरस्कार दिया गया। दंगल के दौरान भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर भौकाल वेब सीरिज फेम प्रदीप नागर, राजेश भाटी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश भाटी, राजकुमार नागर, योगेंद्र भाटी, अजीत भाटी, दिनेश नागर व दीपा भाटी आदि मौजूद रहे।