शाहजहांपुर: अग्निवीर योजना का किया विरोध, प्रदर्शन कर दिया एसडीएम को ज्ञापन
बंडा में शनिवार को युवाओं ने अग्निवीर योजना के विरोध में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसके बाद वे लोग वापस चले गए। शनिवार सुबह ब्लॉक संसाधन केंद्र पर 20-25 युवक एकत्रित हुए और अग्निवीर योजना के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची प्रदर्शनकारियों को बंडा थाने ले आई। यहां पहुंचे एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव और सीओ पुवायां बीएस वीर कुमार को युवकों ने ज्ञापन सौंपा। इस दौरान दिव्यांशु अवस्थी, ऋषभ शुक्ला, प्रमोद, सूरज कुमार, अनमोल मिश्रा, सूरज मिश्रा आदि मौजूद रहे।
अलीगढ़ में तनाव, टप्पल में हुए बवाल में गिरफ्तारी की तैयारी
अलीगढ़ मैं अग्निपथ योजना के विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा। कल हुए टप्पल मैं बवाल के बाद शनिवार सुबह अग्नीपथ योजना के विरोध में कस्बा खैर एकत्रित हुए युवकों को पुलिस ने खदेड़ा ,खैर कस्बे के व्यापारियों ने हिंसक बवाल के डर से बाजार को बंद कर दिया है। युवाओं द्वारा सोशल मीडिया पर 19 जून को खैर के टेडी गांव रोड पर सत्याग्रह करने का एलान करते हुए मैसेज वायरल किया गया था, इसके बाद से ही पुलिस प्रशासन सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेकर हाई अलर्ट पर है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी टप्पल में हुए बवाल में गिरफ्तार 40 उपद्रवियों को जेल भेजने के साथ अन्य उपद्रवियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करने की कर रहे हैं बात।
अयोध्या में हाई अलर्ट पर जिला प्रशासन, एक दर्जन से ज्यादा युवा हिरासत में
अयोध्या में अग्निवीर योजना को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर प्रशासन हाई अलर्ट पर है। अयोध्या जिले में करीब एक दर्जन से अधिक युवाओं को हिरासत में लिया गया है।
प्रियंका गांधी ने साधा सरकार पर निशाना
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सरकार की अग्निवीर योजना पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि आर्मी भर्ती की तैयारी करने वाले ग्रामीण युवाओं का दर्द समझिए ये जरूरी है। 3 साल से भर्ती नहीं आई। दौड़-दौड़ के युवाओं के पैरों में छाले पड़ गए, वे निराश-हताश हैं। युवा एयरफोर्स भर्ती के रिजल्ट व नियुक्ति का इंतजार कर रहे थे। सरकार ने उनकी स्थाई भर्ती, रैंक, पेंशन, रुकी भर्ती ने सब छीन लिया है।
रक्षा मंत्री कर रहे अग्निपथ योजना की समीक्षा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अकबर रोड स्थित आवास पर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अग्निपथ योजना की समीक्षा के लिए बैठक शुरू हो गई है।
जौनपुर में दूसरे दिन भी प्रदर्शन
जौनपुर जिले में अग्निपथ योजना के खिलाफ आज लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन हो रहा है। सैकड़ों की संख्या में युवक सड़कों पर उतर आए हैं। बदलापुर और लालाबाजार में भारी बवाल हुआ। जौनपुर-प्रयागराज हाईवे पर लाला बाजार स्थित शिवगुलाम गंज तिराहे पर प्रदर्शनकारियों ने कई बाइकें दो रोडवेज बस, एक पुलिस की गाड़ी समेत कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
बदलापुर, महराजगंज, सिंगरामऊ थाने की फोर्स पहुंच गई
ट्रेन रोकने की आशंका के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बदलापुर, महराजगंज, सिंगरामऊ थाने की फोर्स पहुंच गई है। सूचना पर एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए हैं। साथ ही पुलिस लाइन से बड़ी संख्या में जवानों को बुलाया गया है। सेना में चार साल के लिए बतौर अग्निवीर की तरह भर्ती प्रक्रिया की घोषणा से सेना की तैयारी करने वाले युवकों में आक्रोश है।