नोएडा। प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बुधवार को शहर के वर्क सर्किल-तीन समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया था। जहां-जहां से उनकी गाड़ी निकली, वहां-वहां पर उस समय कोई ठेला-खोखा नहीं लगा लेकिन उनके जाने के बाद फिर से सभी व्यवस्थाएं पहले की तरह चालू हो गईं। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि सीईओ मैडम आप का दौरा ही कई-कई माह की समस्याओं को दूर करा देता है इसलिए हर सप्ताह शहर के भ्रमण पर निकला कीजिए।
दरअसल, मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने बुधवार को शहर में कुछ स्थानों और सेक्टरों का भ्रमण किया था। उनके निरीक्षण की सूचना सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले ठेली-पटरी और खोखा लगाने वालों को पहले ही मिल गई थी, इसलिए उन्होंने सीईओ के दौरे से पहले किसी भी स्थान पर ठेली, गुटका-पान के खोखे नहीं लगाए थे। जहां पर रोज गंदगी पड़ी रहती थी वहां पर सफाई हो गई। सेक्टर-12-22 पर रोज लगने वाले ठेले और खोखे भी बुधवार को नहीं लगाए गए थे, जबकि बृहस्पतिवार को वह ठेले-पटरी फिर से लग गए। इसी तरह सेक्टर-35 मोरना बस डिपो के बाहर रेहड़ी-पटरी वालों का जमावड़ा लगा रहता है और गंदगी का भी अंबार लगा रहता है, लेकिन बुधवार को सब कुछ साफ था। दैनिक यात्री विजय सिंह ने जब वहां के लोगों से पूछा कि डिपो के आसपास इतनी साफ-सफाई कैसे, तो बताया गया कि सीईओ मैडम का निरीक्षण है। वहीं, बृहस्पतिवार को आम दिनों की तरह फिर से ठेला-खोखे लग गए।
शहर में सीईओ निकलें तो हो जाएंगी समस्याएं दूर
प्राधिकरण की सीईओ जिस सेक्टर या मार्केट का भ्रमण करती हैं वहां पर उनके अधीनस्थ अधिकारी पहले ही साफ-सफाई और सड़कों की मरम्मत करा देते हैं। यदि सीईओ हर सप्ताह शहर का दौरा कर लें तो समस्याएं ही दूर हो जाएंगी।
-ब्रजेश गुर्जर, टवीटर से
शहर में आए दिन ठेले-पटरी वाले सुबह से ही सड़कों पर खड़े हो जाते हैं लेकिन बुधवार को जिस रूट पर उनका दौरा था, उस पर कोई अतिक्रमण नहीं था। इसका मतलब साफ है कि उनको विधिवत सूचना दी गई थी कि आज सीईओ का दौरा है। इससे सब कुछ साफ है, बाकी आप स्वयं समझदार है।
विदेश कुमार, टवीटर से