- सास ने पैर पकड़े, पति ने दबाया गला, वारदात के बाद स्टाफ क्वार्टर में पानी की टंकी में डाल दिया था शव
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय परिसर के स्टाफ क्वार्टर में महिला की हत्या कर पानी की टंकी में शव डालने का खुलासा हो गया है। झगड़े के बाद सास सुमित्रा और पति कपिल ने मिलकर पूनम की हत्या कर दी थी। सुमित्रा ने पूनम के पैर पकड़े थे जबकि कपिल ने उसका गला दबाया था। पुलिस ने आरोपी मां और बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कपिल विश्वविद्यालय में ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। जबकि पूनम कपिल की दूसरी पत्नी थी।
मूलरूप से अलीगढ़ की अतरौली निवासी कपिल की पहली शादी कासगंज के थाना पटियाली के गांव दनियागंज निवासी कौशल से हुई थी। वहीं वर्ष 2015 से कपिल बलिया निवासी पूनम यादव के साथ रहने लगा था। एक वर्ष पहले कौशल पति कपिल को छोड़कर मायके चली गई थी। वहीं कपिल और पूनम जीबीयू के स्टाफ क्वार्टर में रहने लगे थे। कपिल के साथ उसकी मां सुमित्रा भी रहती थी।
थाना ईकोटेक-1 पुलिस के मुताबिक 5 मई को पूनम और सुमित्रा में झगड़ा हुआ था। कपिल भी झगड़े में शामिल हो गया। बात बढ़ने पर कपिल ने पूनम को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। सुमित्रा ने पूनम के पैर पकड़ लिए जबकि कपिल ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पूनम की मौत के बाद उसने शव स्टाफ क्वार्टर की सीमेंट से बनी पानी की टंकी में डाल दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
शुरुआती जांच में पहली पत्नी के शव होने की जताई थी आशंका
शुरुआती जांच में पुलिस ने शव कपिल की पहली पत्नी कौशल के होने की आशंका जताई थी। मामले की छानबीन के लिए कासगंज से कौशल के परिजनों को बुलाया गया। परिजनों ने कौशल के सकुशल होने की जानकारी दी। इसके बाद ही शव पूनम के होने की पुष्टि हुई।