ग्रेटर नोएडा। तीनों विधानसभा सीटों के 98 प्रतिशत दिव्यांग व बुजुर्ग बूथ पर जाकर ही मतदान करने को तैयार हैं। केवल दो प्रतिशत मतदाता ही पोस्टल बैलेट से घर पर मतदान करेंगे। प्रशासन 3 या 4 फरवरी को पोस्टल बैलेट से मतदान कराने की तैयारी कर रहा है। इसकी सूचना राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को भी दी जाएगी।
तीनों सीटों पर कुल 7231 दिव्यांग मतदाता हैं, जबकि 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 22916 है। भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार इन्हें घर से ही मतदान करने की सुविधा दी है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने मतदाताओं के घर-घर जाकर आवेदन पत्र दिया। केवल 564 लोगों ने ही पोस्टल बैलेट से मतदान करने की हामी भरी है जो कुल दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं का करीब दो प्रतिशत हिस्सा है। प्रशासनिक अफसरों ने बताया कि 3 या 4 फरवरी को पोस्टल बैलेट से मतदान कराया जाएगा। कुल 29 टीमों का गठन किया गया है जो घर-घर पहुंचेंगी। मतदान कराने की सूची सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को दी जाएगी। उनके एजेंट भी साथ रह सकते हैं। बाकी मतदाता बूथ पर जाकर ही मतदान करेंगे, उन्हें बूथ तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं से पोस्टल बैलेट पर मतदान करने की अनुमति ली गई है। कुल 564 लोग मतदान करेंगे। इसकी तैयारी चल रही है। 10 फरवरी से पहले इनका मतदान करा लिया जाएगा।
100 वर्ष से अधिक उम्र के 324 मतदाता
इस बार चुनाव में 100 वर्ष से अधिक उम्र के 324 मतदाता हैं। वे भी चुनाव का हिस्सा बनेंगे। इनके अलावा 90 से 99 वर्ष की उम्र के करीब 3000 मतदाता हैं। प्रशासन इन सभी की मतदान के लिए मदद करेगा।