संसद भवन की सुरक्षा में चूक : गूगल के जरिये की थी रेकी, सिग्नल ऐप से करते थे बात
दूसरे देश के किसी भी मुद्दे को उठाकर भारत से तुलना कर लोगों को भड़काते थे आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। संसद भवन की सुरक्षा में चूक के मामले में लगातार साजिश की परतें हटती जा रही हैं। अब तक छह आरोपियों पर पुलिस शिकंजा कस चुकी है। अब स्पेशल सेल की जांच में सौरव चक्रवर्ती नाम के 7वें आरोपी का नाम सामने आया है। वह अब स्पेशल सेल के रडार पर है। वहीं, जांच में ये बात सामने आई है कि आरोपी यूरोप के किसी देश या फिर अन्य देश के किसी भी मुद्दे को उठाकर भारत से तुलना करते थे और फिर लोगों को भड़काते थे। आरोपी ललित झा ने सौरव को भी संसद की घटना का वीडियो भेजा था। इसके साथ में लिखा था कि प्रदर्शन किया, सर्कुलेट करो, जय हिंद।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में तफ्तीश का दायरा बढ़ रहा है। जांच में जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। आरोपियों ने संसद के आसपास के इलाके की गूगल के जरिये रेकी की थी। वे लोग कई चीजों से वाकिफ थे। संसद की सिक्योरिटी का जायजा लेने के लिए उन्होंने पुराने वीडियो भी देखे थे। जांच में ये बात भी सामने आई है कि पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए आरोपी सिग्नल ऐप से आपस में बातचीत करते थे। आरोपियों का सबसे बड़ा मकसद मीडिया में चर्चित होना था, इसलिए सत्र के दौरान संसद में प्रवेश की साजिश रची गई थी।