अलीपुर की वारदात, मजदूरों के वेतन के लिए रखे थे रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अलीपुर में एक कार्यालय में बदमाशों ने कर्मचारियों को गोली मारने की धमकी देकर कमरे में बंद कर दिया और साढ़े सात लाख रुपये लूट लिए। मजदूरों के वेतन के लिए रुपये कार्यालय में रखे हुए थे। अलीपुर थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के अुनसार, बकोली गांव में फूड प्रोसेसिंग का कार्यालय है। मंगलवार शाम कार्यालय में कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूटपाट की सूचना मिली। मौके पर पुलिस को मुंशी विक्रम मिला। उसने बताया कि वह मजदूरों के वेतन का हिसाब-किताब कर रहा था, दूसरे कमरे में जोगिंदर और विजेंद्र मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक गोदाम में घुस गए। उन्होंने प्रकाश अग्रवाल का गोदाम होने की बात पूछी। इसी बीच दो और युवक कार्यालय में घुस गए। उनके हाथ में पिस्टल थी। एक बदमाश ने विक्रम से फोन छीनकर पिटाई कर दी। इसके बाद कमरे में बनी रसोई में बंद कर दिया। एक बदमाश ने जोगिंदर के जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही, अलमारी तोड़कर सात लाख रुपये लूट लिए। भागने के दौरान बदमाशों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। तीनों कर्मचारी खिड़की की ग्रिल तोड़कर बाहर निकले। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है।