नई दिल्ली। एम्स ने इंटर्न कर रहे नर्सिंग छात्रों के वजीफे में लगभग 26 गुना बढ़ोतरी की है। अब नर्सिंग छात्रों को 13150 रुपये प्रति माह का वजीफा मिलेगा, जो पहले 500 रुपये था। वजीफा बढ़ाने के लिए छात्र लंबे समय से मांग कर रहे थे। इसे देखते हुए केंद्र सरकार से संबद्ध नर्सिंग कॉलेजों में नर्सिंग इंटर्न के वजीफे में संशोधन करने का फैसला लिया था। इसके तहत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले साल जुलाई में भत्ता बढ़ाने का आदेश दिया था। इसी आदेश को लागू करते हुए एम्स के अध्यक्ष ने बीएससी (नर्सिंग) के छात्रों को इंटर्नशिप के छह महीने की अवधि के दौरान भुगतान किए जाने वाले वजीफे की दर को 500 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 13,150 रुपये प्रति माह कर दिया है। यह आदेश 6 जुलाई 2022 से प्रभावी होगा। इसे लेकर एम्स के कुलसचिव डॉ. संजीव लालवानी ने आदेश जारी किया हैं।
एम्स बनाएगा इंजीनियरिंग यार्ड
एम्स में मरम्मत कार्य से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए अस्थायी इंजीनियरिंग यार्ड बनाए जाएंगे। एम्स परिसर में मरम्मत और नवीनीकरण कार्य के लिए संगमरमर काटने, लकड़ी काटने/पीसने आदि से रोगी देखभाल और सार्वजनिक क्षेत्रों में बहुत अधिक ध्वनि व धूल से प्रदूषण हो रहा है। इससे मरीजों और कर्मचारियों को भी समान रूप से असुविधा हो रही है इसे देखते हुए निर्णय लिया गया है कि 31 जुलाई 2023 तक ट्रामा सेंटर परिसर में एक अस्थायी कवर्ड इंजीनियरिंग यार्ड बनाया जाएगा।