फिरोजपुर झिरका। पुलिस ने गांव महू पहाड़ में तस्करों के चंगुल से 7 गोवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस ने चार नामजद तस्कर अरशद, आरिफ, कुल्ला, जमशेद निवासी महू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव महू पहाड़ के बीच से कुछ तस्कर सात गोवंशों को पैदल राजस्थान की तरफ ले जा रहे हैं। इसके बाद थाना प्रबंधक ने एएसआई सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर दबिश के लिए भेजी। पुलिस को देखकर तस्कर फरार हो गए। पुलिस ने गोवंशों को गोशाला में भिजवा दिया है। थाना प्रबंधक ने बताया कि अरशद, आरिफ, कुल्ला, जमशेद निवासी महू के खिलाफ को गो एक्ट से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।