ग्रेनो प्राधिकरण ने एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स पर 2.13 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कूड़े का निस्तारण नहीं करने पर प्राधिकरण के जनस्वाथ्य विभाग ने यह कार्रवाई की है। विभाग के प्रभारी डीजीएम सलिल यादव ने बताया कि प्रबंधक वैभव नागर के नेतृत्व में टीम मंगलवार को उद्योग विहार निरीक्षण करने गई थी। टीम को कंपनी परिसर के पास कूड़े का ढेर दिखा। जिस पर जुर्माना लगाया गया है।
सलिल यादव ने बताया कि ग्रेनो में सभी बड़े कूड़ा उत्पादकों को खुद निस्तारण करना अनिवार्य है। प्राधिकरण सिर्फ आंतरिक कूड़ा ही उठाता है। इसके लिए निर्धारित शुल्क देना होता है। उन्होंने बताया कि एलजी कंपनी भी बड़े कूड़ा उत्पादक श्रेणी में आती है। फिर भी वहां कूड़े के निस्तारण का कोई इंतजाम नहीं किया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेेंद्र भूषण ने सभी बड़े कूड़ा उत्पादकों से कूड़े का उचित प्रबंधन करने और ग्रेटर नोएडा को और स्वच्छ बनाने में सहयोग की अपील की है।