नूंह। पिनगवां पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक ट्रक में बिनौला के कट्टों में भरकर ले जा रहे लाखों रुपये की गांजा पत्ती को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। ट्रक की जांच करने पर पुलिस ने 631 किलो 9 ग्राम गांजा पत्ती बरामद की।
पिनगवां थाना प्रभारी तरुण दहिया ने बताया कि बृहस्पतिवार को निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में उनकी टीम गश्त पर शिकरावा मोड़ पिनगवां में मौजूद थी। इसी समय उन्हें सूचना मिली की अनवर पुत्र फतेह मौहम्मद निवासी ईमामनगर थाना नगीना एक ट्रक में उड़ीसा से गांजा पत्ती ला रहा है। आरोपी ने बिनौला के कट्टों के नीचे गांजा को छिपाया हुआ है। अगर तुरंत पकड़ा जाए तो आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ सकता है। इसी दौरान आरोपी होडल से बड़कली चौक की ओर जा रहा था। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर आरोपी को रोक लिया। तलाशी करने पर आरोपी के पास से पुलिस ने 631 किलो 9 ग्राम गांजा पत्ती को बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। आज शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर आगामी कार्रवाई करेगी।