नूंह। कोरोना के कारण बीते दिनों हुए स्कूलों में अवकाश के लंबे समय बाद गुरुवार को जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल खुल गए। इससे पूर्व एक फरवरी को कक्षा 11वीं 12वीं तक स्कूल खुले थे। पहले दिन जिले के स्कूलों में पहुंचे छात्र-छात्राओं का कई जगह पर फूलमालाओं से स्वागत किया गया। शिक्षा विभाग के आंकड़ों अनुसार स्कूलों में 45 प्रतिशत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। स्कूलों में कोरोना नियमों का पालन कराया गया। बच्चों को सैनेटाइजर कराने के साथ सामाजिक दूरी के नियमों की पालन कराई गई। स्कूलों में स्वच्छता के साथ अन्य तरह से बच्चों के नियमों की पालन कराने के लिए जागरूक किया गया।
स्कूलों को खुलने के साथ बच्चों के चेहरे पर काफी खुशी देखी गई। इस मौके पर स्कूल पहुंचे छात्र रिजवान, रमजान, वसीम, तौफीक व शहीद के अलावा छात्रा रिजवाना, जमशीदा, राशिदा ने बताया कि उनके आने वाले समय में बोर्ड परीक्षा आने वाली है, जिससे अब स्कूल से उनको परीक्षाओं की तैयारी करने में काफी आसानी होगी। पूर्व में कोरोना के कारण काफी समय से स्कूल बंद होने से उनकी पढ़ाई काफी प्रभावित हो रही थी। घर पर रहकर ऑनलाइन पढ़ाई चल रही थी, स्कूल आने से वे काफी उत्साहित है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में पहले दिन काफी कम बच्चे रहे हैं। एक दो दिन में बच्चों के स्कूलों में आने से काफी रौनक आएगी।
पहले दिन बच्चों की संख्या 45 प्रतिशत रही। अगले एक दो दिनों में बच्चों की संख्या बढ़ जाएगी। उन्होंने जिले के अभिभावकों से आह्वान किया कि वह अपने बच्चों को समय पर स्कूल भेजे ताकि स्कूलों में पढ़ाई को सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।
- मुकेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी