नोएडा। सेक्टर-63 स्थित शोरूम के सेल्समैन में कार बुक कराने के नाम पर महिला से 5.30 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने कंपनी की फर्जी ई-मेल से मेल करके अपने खाते में रकम डलवाई और फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को शनिवार को ममूरा के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी निवासी अनिल रावत के रूप में हुई है।
फेज-थ्री पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद निवासी भावना गुप्ता ने पांच जुलाई को दी गई शिकायत में बताया था कि सेक्टर-63 स्थित क्रॉउन होंडा वाहन डीलर शोरूम में गई थी। वहां सेल्समैन अनिल ने कार बुक करने का आश्वासन देकर 21 हजार रुपये ले लिए। उनको बुकिंग रसीद देकर भेज दिया। आरोप है कि इसके बाद अनिल ने कई बार में ई-मेल पर पैसे की डिमांड की। साथ ही छूट दिलाने का दावा किया। कंपनी की मेल समझकर उन्होंने रकम दे दी। कुछ रकम कंपनी के खाते तो कुछ अपने फोन पे आदि में डलवा लिए। इसके बाद उन्होंने फोन किया तो कुछ दिन में गाड़ी की डिलीवरी करने की बात कही।
इस तरह से वह टरकाता रहा। शक होने पर वह शोरूम पहुंची तो पता चला कि अनिल कई दिन से गायब है। इस पर उसे फोन किया और पैसे मांगे तो जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने कोतवाली में शिकायत की। पुलिस ने बताया कि शनिवार को आरोपी किसी से मिलने ममूरा आया था, वहीं उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शोरूम संचालक से वार्ता की जा रही है कि सभी कर्मचारियों का सत्यापन कराएं। जिससे ऐसी घटनाएं नहीं हों।
एक युवक से ठगे थे 7 लाख रुपये
ग्रेनो निवासी एक मंत्री के रिश्तेदार विक्की के साथ सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र स्थित एक वाहन शोरूम में 7 लाख रुपये ठगी हुई थी। जांच में पता चला था कि आरोपी सेल्समैन नहीं था। बल्कि सेल्समैन के कपड़े पहनकर शोरूम में आया था। वाहन खरीदने के लिए आए लोगों से बात की और कार बुकिंग का पैसा लेकर फरार हो गया था। बाद में कंपनी को पैसा देना पड़ा था।