नोएडा। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) का उल्लंघन कर प्रदूषण फैलाने पर प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए 17 प्रतिष्ठानों पर 3.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण के मुताबिक, नोएडा के वर्क सर्किल एक से दस तक मुख्य स्थानों पर अभियान चलाकर प्रदूषण फैलाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया, जबकि प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने पर एक व्यक्ति से पांच हजार रुपये वसूले गए। इधर, प्राधिकरण की ओर से ग्रेप लागू होने के बाद 44 टैंकरों से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। वहीं, जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से 67 मार्गों पर मेकेनिकल स्वीपिंग मशीनों सेे सफाई कराई गई।
प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने पर 71 वाहनों के चालान
जिले में प्रदूषण रोकथाम के लिए वाहनों की जांच का अभियान भी जारी है। इसके तहत परिवहन विभाग ने 10 और 11 नवंबर को कई वाहनों के चालान किए। इस दौरान बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र के चल रहे 71 वाहनों, बिना ढके निर्माण सामग्री का परिवहन करने वाले 13 वाहनों, 15 ओवरलोड वाहनों और अनधिकृत रूप से चल रहे 11 वाहनों का चालान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, बृहस्पतिवार को यातायात माह के अंतर्गत सेक्टर-19 रजनीगंधा चौक पर एलईडी युक्त वाहन द्वारा लोगों को यातायात के नियमों की जानकारी दी गई। सेक्टर-14ए कार्यालय में पुलिसकर्मियों ने शपथ ली और लोगों को दिलाई कि वह यातायात नियमों का पालन करेंगे। इसके अलावा कई जगहों पर एलईडी वैन से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया।